समझौते का दबाव न मानने पर ‘मां जैसा अंजाम’ देने की धमकी, भाई-भाभी पर केस दर्ज।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी प्रधान संपादक 

 

महराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। ग्राम सभा हरिहरपुर, टोला मोतीपुर निवासी राहुल निषाद की तहरीर पर पुलिस ने उसके सगे बड़े भाई और भाभी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

 

पीड़ित राहुल निषाद के अनुसार, उसके बड़े भाई राजकुमार पर वर्ष 2024 में अपनी ही मां श्यामा देवी की गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा था, जिसके चलते वह अपनी पत्नी राजेश्वरी के साथ जेल में बंद था। करीब तीन माह पूर्व दोनों के जेल से छूटकर घर लौटने के बाद से ही माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

 

राहुल का आरोप है कि घर लौटते ही भाई-भाभी लगातार उस पर समझौते का दबाव बनाने लगे। मामला तब और बिगड़ गया जब 24 मार्च की शाम लगभग 6 बजे दोनों उसके दरवाजे पर पहुंचे और खुलेआम धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने कहा कि अगर उसने समझौता नहीं किया तो उसे भी उसकी मां की तरह मारकर फेंक दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उसे घर छोड़ने के लिए भी मजबूर किया गया।

 

घटना से भयभीत राहुल ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *