*भारत–नेपाल सीमा पर सख्ती: प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर उच्चस्तरीय समन्वय बैठक संपन्न।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज, 01 मार्च 2026। भारत–नेपाल समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक 22वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में नेपाल में प्रस्तावित प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनज़र सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक के दौरान नेपाल से भारत आने वाले मुख्य मार्गों एवं पगडंडियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसबी, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को अराजक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए नेपाली प्रशासन के साथ सघन समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

 

नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर भारत–नेपाल सीमा पर 02 मार्च की मध्य रात्रि से सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रखने पर सहमति बनी। हालांकि इस अवधि में आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाएं—जैसे एंबुलेंस, पेट्रोलियम पदार्थ, एलपीजी आदि—दोनों देशों के प्रशासन के आपसी समन्वय से निर्बाध रूप से संचालित होती रहेंगी।

 

बैठक में आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। दोनों देशों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति पर सहमति बनी।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना सहित भारत और नेपाल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *