न्यूज रिपोर्ट/ विशाल रौनियार ठूठीबारी महाराजगंज
रफ्तार बनी काल, एक परिवार उजड़ गया।
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुई गांव के पास बीते 5 जनवरी की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मृतक सबरजीत निवासी ग्राम पंचायत धमउर (कुट्टी टोला) 5 जनवरी की शाम करीब 7:15 बजे ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। जमुई गांव के समीप एक ईंट भट्ठे के सामने ई-रिक्शा यात्रियों को उतारने के लिए रुका ही था कि इसी दौरान ईटहिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सबरजीत गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में ई-रिक्शा चालक भी घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मृतक की पत्नी रामरती देवी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मदन पुत्र पियारे, निवासी शीतलापुर, थाना निचलौल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
इस संबंध में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रणव ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।