ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/महाराजगंज
पेपर देने गोरखपुर जा रहे महाराजगंज जनपद के दो युवकों को कैंपियरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अरनाहव निवासी संगम चौरसिया अपने फुआ के लड़के अंकित उर्फ रामप्रसाद चौरसिया (पुत्र राधेश्याम चौरसिया), निवासी ग्राम डिंगुरी, थाना पनियर के साथ बाइक से गोरखपुर परीक्षा देने जा रहे थे। जैसे ही वे भगवानपुर हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि अंकित उर्फ रामप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संगम चौरसिया की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।