ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 28 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की देखरेख में कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पूर्ति विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत होली के शुभ अवसर पर उज्ज्वला गैस सिलेंडर सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह एवं सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने की।
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ऑनलाइन माध्यम से बटन दबाकर प्रदेशव्यापी उज्ज्वला गैस सिलेंडर सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश की गरीब महिलाओं को होली के अवसर पर योजना का लाभ मिलने पर शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से महिला लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। जनपद महराजगंज में डेमो चेक के माध्यम से करीब 1.86 करोड़ रुपये की राशि से लगभग 7,800 लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
कार्यक्रम में इंडियन गैस सर्विस महराजगंज से 30, मा शक्ति एचपी गैस ठुठीबारी से 07, मिठौरा इंडेन से 25, जोन्हा इंडेन से 20, काली चरण एचपी गैस से 20, शिवम आस्था गैस मधुबनी से 15 तथा राधारानी इंडियन गैस अंडा बाजार से 10 महिला लाभार्थियों को मौके पर डेमो चेक वितरित किए गए।
उज्ज्वला गैस सिलेंडर योजना के अंतर्गत ₹923.50 की कुल सब्सिडी दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली किस्त ₹555 तथा दूसरी किस्त ₹368.50 के रूप में प्रदान की जाएगी।
आज आयोजित कार्यक्रम में कुल 450 महिलाओं को डेमो चेक वितरित कर प्रतीकात्मक रूप से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
होली के अवसर पर मिली इस आर्थिक सहायता से जनपद की हजारों महिलाओं के चेहरे पर खुशी की चमक देखने को मिली।