*वार्ड 15 चिउरहाँ के बूथ संख्या 179 पर पहुंचे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री*

रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी 

प्रधान सम्पादक 

 

मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत कराया निरीक्षण, भरवाए गए आवश्यक फ़ॉर्म**

 

महराजगंज। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी महराजगंज नगर के वार्ड संख्या 15 चिउरहाँ स्थित बूथ संख्या 179 पर पहुंचे। उन्होंने बूथ पर चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अधिकारियों से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने, पते में बदलाव तथा आवश्यक सुधार संबंधी फ़ॉर्मों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का पारदर्शी और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में जुड़ना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक फ़ॉर्म भरवाए तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार के योग्य सदस्यों का नाम अवश्य जोड़ें और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधार कराएं।

उन्होंने बूथ स्तर के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से न छूटने पाए। साथ ही बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए।

बूथ परिसर पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। वार्डवासियों ने मंत्री के आगमन पर उनका स्वागत किया और मतदाता सूची से संबंधित समस्याएं भी साझा कीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, अमर नाथ पटेल, बबलू यादव, राजीव द्विवेदी, कृष्ण गोपाल जयसवाल, सतीश सिंह, रमेश वर्मा, दीपक, ऋषिकेश पटेल, राणा पटेल, पप्पू पटेल, आकाश श्रीवास्तव, अबरार अहमद, सानंदन पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *