ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय नौतनवां
उप सम्पादक
महराजगंज (नौतनवा) नौतनवा कस्बे स्थित भाजपा कार्यालय में मनोनीत सभासदों व पदाधिकारियों के स्वागत कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैसे के लेनदेन को लेकर एक महिला ने अचानक पार्टी के एक पदाधिकारी का कॉलर पकड़ लिया और चप्पल से मारने का प्रयास करने लगी। देखते ही देखते मामला मारपीट और हंगामे में बदल गया, जिससे कार्यक्रम करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम शुरू होने ही वाला था कि एक महिला अपने बेटे के साथ वहां पहुंची और सीधे एक पदाधिकारी के पास जाकर विवाद करने लगी। आरोप है कि महिला ने पहले थप्पड़ मारा, फिर कॉलर पकड़कर खींचते हुए चप्पल से मारने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया और लोग बीच-बचाव में जुट गए।
महिला का आरोप है कि उसने एलआईसी के नाम पर संबंधित पदाधिकारी को करीब साढ़े चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन रकम जमा कराने के बजाय हड़प ली गई। काफी समय से पैसा वापस मांगने के बावजूद भुगतान न होने पर वह आक्रोशित हो गई और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर हंगामा कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व प्रत्याशी समीर त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। उन्होंने कहा कि यदि पहले जानकारी होती तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था। दोनों पक्ष एक ही पार्टी से जुड़े हैं और जल्द ही मामले का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।