ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 10 मार्च 2026:जिला प्रोबेशन अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम करने तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
यह बैठक 11 मार्च 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे विकास भवन सभागार, महराजगंज में आयोजित होगी। बैठक में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहकर महिलाओं की समस्याओं को सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगी।
इस जनसुनवाई में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों जैसे महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलना तथा अन्य समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी। साथ ही महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत पात्र बालिकाओं को लाभ दिलाने से संबंधित मामलों पर भी सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रशासन ने जनपद महराजगंज की सभी पीड़ित एवं वंचित महिलाओं से अपील की है कि वे 11 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर अपने प्रार्थना पत्र के साथ अपनी समस्या सीधे महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।