ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी निचलौल
मुख्य सम्पादक
महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के रुद्ररौली गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ मनबढ़ युवकों ने एक बाइक सवार को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ जुटती देख हमलावर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित कृष्णा चौधरी, निवासी सिंहपुर, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 मार्च को वह अपने भाई राजेश चौधरी की बेटी खुशबू को बाइक से लेकर रुद्ररौली गांव जा रहे थे। जैसे ही वह गांव से पहले स्थित पुलिया के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने बिना कुछ कहे लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से पीड़ित संभल भी नहीं पाए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ को आता देख आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा
घटना के बाद पीड़ित ने निचलौल थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में ज्ञानदेव शर्मा, कलाम, अंकित उर्फ किशन समेत कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।