न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: सर्वेश चतुर्वेदी फरेंदा
फरेंदा क्षेत्र में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की जान समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता और एएलएस एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से बच गई। घायल युवक के सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन एम्बुलेंस टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से उसे समय रहते जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज चौधरी (30 वर्ष) पुत्र राम अयोध्या निवासी ग्राम उदितपुर टोला पिपरौली, थाना फरेंदा, किसी विवाद के दौरान लाठी-डंडों से हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनके सिर पर गहरा घाव हो गया तथा अत्यधिक रक्तस्राव और मस्तिष्क पर चोट के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई।
घायल युवक की बहन मीरा तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा (बनकटी) लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही एएलएस एम्बुलेंस संख्या UP32BG8174 मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के ईएमटी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने मरीज की स्थिति का आकलन करते हुए तत्काल प्रेशर बैंडेज लगाकर रक्तस्राव नियंत्रित किया, ऑक्सीजन सपोर्ट दिया तथा लगातार वाइटल पैरामीटर की निगरानी करते हुए आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
वहीं एम्बुलेंस चालक सरवर हुसैन ने तेजी और सतर्कता के साथ वाहन संचालित करते हुए मरीज को कम समय में जिला चिकित्सालय महराजगंज के इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। समय पर उपचार और जांच शुरू होने से घायल पंकज चौधरी की हालत में अब काफी सुधार बताया जा रहा है।
जनता के लिए संजीवनी साबित हो रही एएलएस एम्बुलेंस सेवा
स्थानीय लोगों ने एएलएस एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि फरेंदा (बनकटी) क्षेत्र में उपलब्ध यह सुविधा गंभीर मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस कई लोगों को नया जीवन देने का कार्य कर रही है।
समय पर चिकित्सा सहायता, कुशल स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता और एम्बुलेंस सेवा की दक्षता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात स्थिति में हर मिनट कीमती होता है और सही समय पर उठाया गया कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है।