न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: सिसवा कोठीभार
कोठीभार (महराजगंज): कोठीभार थाने की कमान संभालने के बाद थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ थाने के आधुनिकीकरण और बेहतर प्रबंधन की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी कार्यशैली की चर्चा तेज़ है और पुलिस व्यवस्था में बदलाव साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाने में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए स्ट्रांग रूम से लेकर जनसुनवाई कक्ष तथा थाने के विभिन्न कमरों में सीसीटीवी कैमरों (तीसरी आंख) की प्रभावी व्यवस्था की गई है। इससे न केवल थाने में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, बल्कि पुलिस कर्मियों के कार्यों की भी सतत मॉनिटरिंग संभव हो रही है।
अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी प्रणाली लागू होने से पारदर्शिता बढ़ी है और थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में भी सुविधा मिल रही है। साथ ही पूरे स्टाफ की कार्यप्रणाली पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा रही है, जिससे अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष ने अवैध गतिविधियों पर भी सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार, अवैध शराब और गांजा तस्करी जैसे अवैध कारोबारों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए इनके नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के कारण ऐसे अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है और उनकी गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
इसके अलावा थाने के कायाकल्प कार्य की भी शुरुआत कर दी गई है, ताकि फरियादियों को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। थाने के बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि इसी तरह कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती जारी रही, तो कोठीभार थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और आमजन के विश्वास को और मजबूती मिलेगी।