Bureau Report /Rakesh Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Chief Editor
निचलौल (महराजगंज)। जमुई नहर-चिउटहां मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक शराब के नशे में पुल के पास अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ लेखपाल भारतेन्दु मिश्रा और रितेश भी मौजूद रहे। बिना समय गंवाए उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नहर में गिरे युवकों को बाहर निकलवाया और उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि रेस्क्यू टीम के आने का इंतजार किया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। नायब तहसीलदार की तत्परता और साहसिक निर्णय से तीनों युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नायब तहसीलदार का बयान!
नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने कहा, “उस समय मेरे सामने केवल इंसान की जान बचाने का सवाल था। यदि मैं यह सोचकर रुक जाता कि वे नशे की हालत में हैं, तो शायद उनकी जान खतरे में पड़ जाती। मानवता सबसे ऊपर है। मैंने पहल की तो ग्रामवासियों ने भी पूरा सहयोग दिया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”

इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोग नायब तहसीलदार के साहस, संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी का यह मानवीय चेहरा समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
मानवता बनी सबसे बड़ी पहचान, नायब तहसीलदार की तत्परता से टला बड़ा हादसा