*निचलौल में कानून-व्यवस्था पर सवाल: सड़क किनारे शराबियों का अड्डा, होटलों की आड़ में अनैतिक धंधे का आरोप!*

Bureau Report /News 18 Plus/ Nichlaul 

 

हाईलाइट:

१)बीट पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में, कस्बे से जमुई नहर पुल तक खुलेआम चल रही हैं चखने की दुकानें

२)कथित पत्रकार की मध्यस्थता से न्यायालय के वारंटियों (BW) को ‘मैनेज’ करने की चर्चा तेज

 

निचलौल/महराजगंज: निचलौल थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते अराजकतत्वों और अवैध कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब कानून का डर खत्म होता नजर आ रहा है। निचलौल कस्बे से लेकर बरोहिया ढाला और जमुई पंडित नहर पुल तक का मुख्य मार्ग शाम ढलते ही खुलेआम ‘मधुशाला’ में तब्दील हो जाता है। आलम यह है कि सड़क किनारे शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों, स्कूली छात्राओं और महिलाओं का इस रास्ते से गुजरना दूभर हो गया है।

 

सड़क किनारे सजी हैं चखने की अवैध दुकानें:

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, कस्बे से जमुई पंडित नहर पुल तक मुख्य सड़क की पटरियों पर खुलेआम चखने की दुकानें संचालित हो रही हैं। शराब के शौकीन बेखौफ होकर सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलकाते हैं और नशे की हालत में अभद्रता करते हैं। इससे आए दिन विवाद और शांति भंग होने की आशंका बनी रहती है, लेकिन पुलिस इस ओर से पूरी तरह आंखें मूंदे बैठी है।

 

होटलों की आड़ में चल रहा अनैतिक धंधा:

 

क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार इस बात को लेकर भी गर्म है कि कस्बे व आसपास के कुछ होटलों में नियमों को ताक पर रखकर जिस्मफरोसी का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। बिना किसी वैध पहचान पत्र या रिकॉर्ड के कमरों की बुकिंग कर अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक और पारिवारिक माहौल तेजी से दूषित हो रहा है।

 

बीट पुलिस की चुप्पी और ‘मैनेजमेंट’ के खेल पर उठे सवाल:

 

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में चल रहे इन अवैध अड्डों की पूरी जानकारी होने के बावजूद संबंधित बीट उपनिरीक्षक (दरोगा) और आरक्षी चुप्पी साधे बैठे हैं। इतना ही नहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सबसे बड़ा सवाल न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर उठ रहा है। चर्चा है कि माननीय न्यायालय द्वारा जारी जमानती वारंट (BW) के आरोपियों को पकड़कर कोर्ट में पेश करने के बजाय, एक कथित पत्रकार की सह और मध्यस्थता से आर्थिक लेन-देन कर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है।

 

प्रशासन से कार्रवाई की मांग:

 

क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए पूरे मामले की गोपनीय जांच कराने तथा संलिप्त पुलिसकर्मियों, होटल संचालकों और अवैध धंधों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *