Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Correspondent /News 18 Plus
किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस, आधुनिक तकनीक और निर्यात गुणवत्ता प्रशिक्षण पर जोर!
महराजगंज, 24 जून। जनपद को औद्यानिक फसलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और निर्यात मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को निर्यात योग्य कम से कम चार प्रमुख औद्यानिक फसलों का चिन्हीकरण कर उनके उत्पादन, गुणवत्ता संवर्धन, प्रसंस्करण एवं विपणन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों, आधुनिक तकनीकों और किसानों के प्रशिक्षण के माध्यम से महराजगंज को औद्यानिक उत्पादों के निर्यात केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। बैठक में प्रगतिशील किसानों ने औद्यानिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न उन्नत प्रजातियों के आम, अमरूद और मशरूम उत्पादन का प्रदर्शन भी किया।