*रिश्तेदारी में आई युवती को लेकर बवाल: दो युवकों की पिटाई का नया वीडियो वायरल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल।*

Bureau Report/ Mo. Akram Khan Thuthibari /Correspondent /News 18 Plus 

महराजगंज:सोनौली थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीनगर, टोला बैकुंठपुर में युवक-युवती से जुड़े विवाद के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना के अगले दिन एक नया वीडियो सामने आने के बाद पूरे गांव में चर्चा तेज हो गई है। वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

बताया जा रहा है कि युवती पिछले लगभग 15 दिनों से अपने रिश्तेदारी में बैकुंठपुर आई हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर शाम युवती को बुलाने के लिए दो युवक गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों युवकों के साथ कथित रूप से मारपीट कर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। वायरल वीडियो में दोनों युवक खुद को बचाने के लिए खिड़की और जंगले का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए।

 

सूचना मिलने पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

 

इस बीच गांव में यह भी चर्चा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले घर के अधिकांश लोगों को वहां से हटा दिया गया था। साथ ही, कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों को भी पुलिस ने वहां से हटाया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *