Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Nichlaul /Correspondent /News 18 Plus
निचलौल थाने के कांस्टेबल मनीष सिंह की कार्यशैली को बताया सम्मानजनक, वायरल ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया।
निचलौल थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पत्रकार राकेश त्रिपाठी तथा निचलौल थाने में तैनात कांस्टेबल मनीष सिंह का नाम लिया जा रहा है। इस वायरल ऑडियो को लेकर राकेश त्रिपाठी ने स्पष्ट शब्दों में इसे पूरी तरह भ्रामक, असत्य और तथ्यहीन बताया है।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि वायरल किया जा रहा ऑडियो वास्तविक तथ्यों से कोई संबंध नहीं रखता और इसे उनकी तथा कांस्टेबल मनीष सिंह की सामाजिक एवं पेशेवर छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया है। उन्होंने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ऑडियो में कही गई बातें निराधार हैं और लोगों को भ्रमित करने के लिए सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
उन्होंने निचलौल थाने में कार्यरत कांस्टेबल मनीष सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन सम्मानजनक एवं जिम्मेदारी के साथ करते हैं। ऐसे में उनके नाम को किसी भ्रामक ऑडियो से जोड़कर बदनाम करने का प्रयास न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि आपत्तिजनक भी है।
राकेश त्रिपाठी ने इस पूरे घटनाक्रम की घोर निंदा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सामग्री को बिना सत्यापन के साझा करना गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे भ्रामक ऑडियो पर विश्वास न करें और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो इस मामले में संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की जाएगी, ताकि अफवाह फैलाने और किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।