Bureau Report/ Dilip Kumar Pandey Maharajganj /Correspondent/ News 18 Plus
महराजगंज, 1 जुलाई 2026 आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन महराजगंज में पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था, सतर्कता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान निर्देश दिया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा शुरू होने से काफी पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी संभालें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच कराई जाएगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र के भीतर ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी।
परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पेपर लीक जैसी अफवाहों पर नजर रखने तथा भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए सोशल मीडिया सेल और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को विशेष रूप से सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी। पुलिस कर्मियों को अभ्यर्थियों, विशेषकर महिला परीक्षार्थियों, बुजुर्ग अभिभावकों एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परीक्षा का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और भयमुक्त बना रहे।