Bureau Report/ News 18 Plus /Siswa Kothibar
कोठीभार के भोथियाही गांव की घटना; गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर।
महराजगंज सिसवा: थाना कोठीभार के अंतर्गत ग्राम भोथियाही में बच्चों के मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। गांव के ही दबंगों ने एक युवक पर लाठी, डंडे और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का इलाज फिलहाल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गाली-गलौज करते हुए किया हमला
घायल युवक इसराफील (पुत्र कमरुद्दीन) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे बच्चों के बीच हुए किसी विवाद को लेकर गांव के ही इब्राहिम (पुत्र मुर्तुजा), सवरू यादव (पुत्र वल्ली यादव), आशा देवी (पत्नी सवरू) और सलोनी यादव (पुत्री सवरू यादव) लाठी-डंडों से लैस होकर आए। आरोपियों ने पीड़ित को घेर लिया और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी
शोर-शराबा सुनकर जब तक ग्रामीण बीच-बचाव के लिए दौड़े, तब तक आरोपी पीड़ित को मरणासन्न कर चुके थे। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही थाने पहुंचा पीड़ित
हमले में आई गंभीर चोटों के कारण इसराफील को पहले सरकारी अस्पताल सिसवा बाजार ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल महराजगंज और फिर वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल से इलाज कराने के बाद पीड़ित ने सीधे कोठीभार थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।