Bureau Report/ News 18 Plus /Chowk
महराजगंज। जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना चौक पुलिस एवं साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति के बैंक खाते में ठगी गई पूरी राशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को ₹14,172 की धनराशि वापस मिल गई, जिस पर उसने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना चौक प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल के नेतृत्व में साइबर ठगी के मामले में तत्काल कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना चौक क्षेत्र के ग्राम पिपरा सोनाडी निवासी कमलेश कुमार पटेल पुत्र रविन्द्र पटेल के साथ 14 मार्च 2026 को अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से ₹14,172 निकाल लिए थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अनुरोध दर्ज कर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। समय रहते संदिग्ध खाते पर कार्रवाई कराते हुए ठगी गई पूरी धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने चौक पुलिस एवं साइबर सेल की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
राशि वापस कराने में शामिल पुलिस टीम!
उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय,कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह,कांस्टेबल विशाल प्रजापति,साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने अथवा अपने निकटतम थाने की साइबर हेल्प डेस्क से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।