Bureau Report/ Sarvesh Chaturvedi /Gorakhpur
स्कूल से लौटने के बाद साइकिल लेकर निकला था वैभव, चप्पल मिलने से गहराया अपहरण का शक; सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, कंप्यूटर शिक्षक गिरफ्तार।
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में सोमवार को लापता हुए ज्वैलरी कारोबारी के 10 वर्षीय पोते की मंगलवार को अपहरण के बाद हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मासूम का शव घर से महज करीब 20 मीटर दूर रहने वाले पड़ोसी के मकान के बेसमेंट से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक, खजनी कस्बे के प्रमुख ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के पोते वैभव वर्मा सोमवार शाम अचानक लापता हो गया था। वैभव नवल्स एकेडमी में कक्षा चार का छात्र था। स्कूल से घर लौटने के बाद वह बैग रखकर और यूनिफॉर्म बदलकर साइकिल लेकर घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। परिजनों को उस समय जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका मासूम कुछ ही देर में ऐसी खौफनाक वारदात का शिकार हो जाएगा।
बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे वैभव स्कूल से घर लौटा था। दादी ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन वैभव ने कुछ देर बाद लौटकर खाना खाने की बात कही और साइकिल लेकर घर से निकल गया। करीब 30 मिनट बाद एक पड़ोसी ने परिवार को सूचना दी कि बच्चे की साइकिल घर के पीछे लावारिस हालत में पड़ी है।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाके में वैभव की तलाश शुरू कर दी। साइकिल मिलने वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर एक खाली खेत में बच्चे की एक चप्पल भी बरामद हुई। इसके बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और अपहरण का शक गहरा गया। परिजनों ने स्कूल, दोस्तों और रिश्तेदारों समेत आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉयड के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वैभव एक पड़ोसी कंप्यूटर शिक्षक के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ की तो मामला खुल गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बच्चे के अपहरण के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर खजनी कस्बे में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एक मासूम की इस तरह हत्या ने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता समेत अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।