News 18 Plus/ Bureau/ Siswa Kothibar
कोठीभार (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम खेसरारी गाजर टोला में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला को उस समय भारी पड़ गया, जब उसके ही भतीजे ने उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।
पीड़िता गुजिया देवी (पत्नी स्व. श्रीकांत साहनी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भतीजा नरसिंह (पुत्र पडोही साहनी) मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और उन्हें पटक-पटक कर बुरी तरह पीट दिया।
हमले में गुजिया देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।