न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/भिटौली
भिटौली (महराजगंज)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने पड़ोसी लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज करने और कार की हेडलाइट क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बलुआ गांव निवासी पुष्पा यादव पत्नी विजय यादव ने भिटौली थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 23 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे पड़ोसी पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान उनके ससुर जयश्री यादव के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी अभद्रता की गई तथा उनकी मारुति कार की हेडलाइट क्षतिग्रस्त कर दी गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष द्वारा जानबूझकर फायरिंग का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष भिटौली ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।