*कागजात के बिना दौड़ रहे तीन वाहन सीज, कोठीभार पुलिस की सख्त कार्रवाई!*

Bureau Report/ News 18 Plus Correspondent/ Siswa Kothibar 

सिसवा/कोठीभार (महराजगंज)। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोठीभार थाना पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान स्कूली वाहनों समेत दोपहिया वाहनों और अन्य वाहनों की गहनता से जांच की गई।

 

चेकिंग के दौरान करीब सैकड़ों वाहनों की जांच की गई। इस दौरान तीन वाहन ऐसे मिले, जिनके पास आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं थे। जांच में संबंधित वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा समेत जरूरी दस्तावेज नहीं पाए गए। यातायात नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीनों वाहनों को सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत सीज कर दिया।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

वहीं चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्या ने बताया कि थानाध्यक्ष के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वाहनों की गहनता से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया।

 

पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *