Bureau Report /Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Co-Editor
अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और फायर टेंडर तैनात; सीसीटीवी व रूफ-टॉप ड्यूटी से होगी निगरानी!
महराजगंज। सिसवा कोठीभार गणेश चतुर्थी एवं प्रतिमा विसर्जन जुलूस को लेकर सिसवा कस्बे और कोठीभार थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। सिसवा कस्बे की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ जुलूस मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
कोठीभार थाना प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न थानों और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 06 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 15 उपनिरीक्षक, 45 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 10 महिला कांस्टेबल, 05 यातायात पुलिसकर्मी, 1.5 सेक्शन पीएसी और 01 फायर टेंडर शामिल हैं। 19 सितंबर 2026 को होने वाले आयोजन के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
जुलूस मार्ग पर रहेगी सघन निगरानी
क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह निचलौल और थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा कोठीभार के नेतृत्व में जुलूस मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस द्वारा अराजक एवं असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उन पर विशेष नजर रखी जा रही है।
संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, मार्ग में पड़ने वाले ऊंचे भवनों और संवेदनशील स्थानों पर रूफ-टॉप पुलिस पिकेट तैनात रहेगी।
नई परंपरा पर रोक, आपत्तिजनक सामग्री पर सख्ती
पुलिस प्रशासन ने आयोजकों से समन्वय कर जुलूस को निर्धारित पारंपरिक मार्ग एवं परंपरा के अनुसार निकालने के निर्देश दिए हैं। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। जुलूस के दौरान आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ नारे और गाने बजाने पर भी रोक रहेगी।
बिजली और साफ-सफाई को लेकर विभागों से समन्वय
जुलूस मार्ग में लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने के लिए विद्युत विभाग तथा साफ-सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका सिसवा से समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि विसर्जन जुलूस के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सभी ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पूरी सतर्कता से तैनात रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराना है।