Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
499 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की हुई जांच, 236 चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक।
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महराजगंज पुलिस ने बुधवार को जनपदभर में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 499 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर जांच की। इनमें 263 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर मौके पर ही रिफ्लेक्टर लगाए गए। वहीं, 236 वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को बताया कि कृषि एवं व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर नहीं होने से रात के समय पीछे से आने वाले वाहनों को ऐसे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। चालकों से वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, जनसुरक्षा महराजगंज पुलिस की प्राथमिकता है। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।