दुल्हा घर शोरूम में लगी भीषण आग, कपड़े और सामान जलकर राख! धुआं और लपटें उठती देख मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। शहर के दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुल्हा घर कपड़े के शोरूम में अचानक आग लग गई। शोरूम से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने तत्काल दुकानदार और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने शोरूम के भीतर रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

 

आग की लपटें देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। आसपास की दुकानों में मौजूद व्यापारियों और ग्राहकों में भी दहशत का माहौल बन गया। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास की दुकानों को खाली कराया गया और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

 

सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत की। शोरूम के अंदर और आसपास लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद टीम ने आसपास के हिस्सों की भी गहन जांच की, ताकि कहीं सुलगती आग दोबारा न भड़क सके।

 

लाखों के नुकसान का अनुमान

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग से शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार के अनुसार, आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।

 

समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास स्थित अन्य दुकानों तक आग फैलने से बच गई। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *