न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/चौक
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को चौक थाना परिसर में आबकारी अधिनियम से संबंधित 10 मुकदमों के माल का नियमानुसार नष्टीकरण कराया गया। बरामद अवैध शराब एवं संबंधित सामग्री को थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर उसमें डालने के बाद नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई न्यायालय सिविल जज (प्रवर खंड)/त्वरित न्यायालय/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के 21 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में की गई। नष्टीकरण की कार्रवाई आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमों—मु0अ0सं0 121/26, 124/26, 132/26, 134/26, 145/26, 146/26, 152/26, 155/26, 165/26 एवं 166/26—से संबंधित माल के संबंध में की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी निचलौल रवीन्द्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सदर विवेक श्रीवास्तव, आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-प्रथम) गिरीश कुमार, थानाध्यक्ष चौक मनीष पटेल तथा हेड मोहर्रिर अनिल यादव मौजूद रहे।
कार्रवाई के दौरान नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया। पारदर्शिता और अभिलेखीय प्रक्रिया के लिए संपूर्ण नष्टीकरण की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।