ब्यूरो रिपोर्ट/राजीव त्रिपाठी/सिसवा
महराजगंज। एस. एस. इण्टर कॉलेज, करमही में Quarterly Examination 2026 के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं एवं सेक्शनों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रतिभा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र, उप-प्रधानाचार्य आदित्य कुमार पाण्डे सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
‘मेरे सपनों का भारत’ में भी शानदार प्रदर्शन
प्रधानमंत्री द्वारा संचालित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी एस. एस. इण्टर कॉलेज, करमही के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी इण्टर कॉलेज, सिसवा बाजार में आयोजित प्रतियोगिता में भाषण प्रतियोगिता में अमृता गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में काजल चौहान ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।