ब्यूरो रिपोर्ट /न्यूज़ 18प्लस सत्यम सोनी/नौतनवा
नौतनवा, महराजगंज। शारदीय नवरात्रि महोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने, महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को लेकर हिंदू रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी महराजगंज को डाक के माध्यम से पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
हिंदू रक्षा दल ने मांग की है कि नवरात्रि अवधि में मठ-मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों के आसपास मीट, मछली, अंडा एवं अन्य मांसाहार की दुकानों पर कड़ा प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की भावनाओं की गरिमा बनी रहे।
पत्र में संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों के आसपास विशेष निगरानी व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई है।
गरबा एवं नवदुर्गा पंडालों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तथा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है।
इसके अलावा नवरात्रि एवं गरबा आयोजनों में अश्लील अथवा आपत्तिजनक गीत-संगीत पर रोक, निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ एकत्र न होने देने तथा आयोजन स्थलों के आसपास जुआ, नशा और अन्य अवांछनीय गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन से नवरात्रि महोत्सव के दौरान विशेष सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। दल ने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी से पत्र में उल्लिखित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है।