न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/चौक
महराजगंज। जिले के चौक थाना क्षेत्र में घर का टिनशेड तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी से संबंधित घरेलू सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार (26) पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम खजुरिया, थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से प्रेस, वाटर हीटर, मिक्सर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोटर, चावल सहित अन्य घरेलू सामान और 190 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
टिनशेड तोड़कर घर से सामान ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खजुरिया निवासी सहीबून निशा पत्नी इस्तफाक हुसैन ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना चौक में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का टिनशेड तोड़कर प्रेस, थर्मस, मिक्सर, तीन मोबाइल फोन, चावल से भरी बाल्टी, गुल्लक, एटीएम कार्ड, पासबुक में रखे 3,000 रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
आरोपी के घर से बरामद हुआ सामान
विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राज कुमार को चिह्नित किया। इसके बाद 8 अक्टूबर को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घर में रखी चोरी से संबंधित सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान का संबंध दो मुकदमों से भी बताया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने एक प्रेस (गीपास कंपनी), एक वाटर हीटर (आरआर कंपनी), एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक मोटर, एक बजाज मिक्सर, करीब 15 किलोग्राम चावल से भरी बाल्टी, पांच फाइबर की थालियां, एक थर्मस, एचपी कंपनी का लैपटॉप चार्जर, बच्चों के खिलौनों से भरा पीला झोला और 190 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना चौक में वर्ष 2024 और 2026 के विभिन्न मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, चोरी से संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है। पुलिस ने वर्तमान प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी है।
इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनीष पटेल, उपनिरीक्षक शिवम सिंह, उपनिरीक्षक अंकित राय, कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश यादव, कांस्टेबल अभय कुमार सिंह और कांस्टेबल राजेश चौहान शामिल रहे।