महराजगंज में चार दुकानों और परतावल के एक किराना स्टोर का निरीक्षण, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए नमूने।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 10 अक्टूबर 2026। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान महराजगंज शहर और परतावल बाजार में पांच दुकानों का निरीक्षण कर घी, कुट्टू, मूंगफली सहित पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के.के. उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान फरेंदा रोड स्थित अनवी सुपर मार्ट से घी, गोरखपुर रोड स्थित वैष्णवी प्रोविजन से साबुत कुट्टू तथा इसी मार्ग पर स्थित गुप्ता जनरल मर्चेंट से मूंगफली दाना का नमूना लिया गया। वहीं, चिउरहा रोड स्थित एवरी डे फ्रेश सुपर मार्ट से कुट्टू के आटे और परतावल बाजार स्थित कौशल किराना स्टोर से मूंगफली तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने के साथ संबंधित दुकानदारों को आवश्यक निर्देश भी दिए। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन कुमार गोंड और हिमांशु जयंत शामिल रहे।
नवरात्रि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का यह अभियान उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।