विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू!

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के साथ जांच कराने और मशीनों को तैयार रखने के दिए निर्देश।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज, 10 अक्टूबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होने जा रही है। इसके मद्देनजर शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस खुलवाकर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी मशीनों को प्रथम स्तरीय जांच के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखा जाए, ताकि जांच प्रक्रिया निर्धारित समय पर शुरू हो सके।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए। इसके लिए एफएलसी के दौरान वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए।

 

निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियर करेंगे जांच

 

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक चुनाव से पहले ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्माता कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाती है। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न होती है। जांच में सफल घोषित मशीनों का ही चुनाव में इस्तेमाल किया जाता है। एफएलसी की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव, सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *