Bureau Report/ News 18 Plus/ Siswa Kothibar
हेल्पलाइन नंबरों, गुड टच-बैड टच और महिला कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, बालक-बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।
महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोठीभार पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने थाना क्षेत्र के रुद्रापुर प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यालय के बालक-बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1098, 102, 108 और 1930 की उपयोगिता बताई। साथ ही गुड टच-बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में बिना डर के उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने महिला एवं बालिका कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह तथा महिला समृद्धि योजना के संबंध में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक योगेन्द्र तिवारी, कांस्टेबल विकास कुमार एवं महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह शामिल रहीं। कोठीभार पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।