Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था होगी सुनिश्चित, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर विशेष जोर।
महराजगंज, 12 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने लेहड़ा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर में दर्शन के लिए पुरुषों और महिलाओं के प्रवेश एवं निकास की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ का दबाव कम रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने तथा प्रवेश और निकास मार्गों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने पर भी जोर दिया।
साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई कराने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार मोबाइल शौचालय स्थापित कराने के लिए नगर पंचायत बृजमनगंज को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने मंदिर मार्ग पर आवागमन सुचारु बनाए रखने, अनावश्यक जाम रोकने और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के साथ मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा पुलिस बल
पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण के संबंध में जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी फरेंदा को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले दिनों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने को कहा। साथ ही अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ भीड़ प्रबंधन करने और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, क्षेत्राधिकारी फरेंदा, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।