*शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे की तलाश तेज, सोनौली सीमा तक पहुंची लखनऊ क्राइम ब्रांच!*

Bureau Report /News 18 Plus/ Sonauli

 

भगवानपुर में पगडंडी रास्तों से दुकानों तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज, संभावित आवाजाही के सुराग जुटाने में जुटी टीम।

 

महराजगंज। लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश को लेकर जांच एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज के सोनौली क्षेत्र में पड़ताल तेज कर दी है। इसी क्रम में लखनऊ क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम भगवानपुर कस्बे पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीमावर्ती इलाके में जांच-पड़ताल शुरू की।

 

जांच टीम ने भगवानपुर और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। पगडंडी रास्तों के साथ ही प्रमुख स्थानों और दुकानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग को बारीकी से देखा जा रहा है, ताकि श्रद्धा दुबे की संभावित गतिविधियों या आवागमन से जुड़ा कोई सुराग मिल सके।

 

भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच टीम अलग-अलग स्थानों से जानकारी जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसियां मामले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।

 

हालांकि, जांच के दौरान अब तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। जांच एजेंसियों की गतिविधियों से सीमावर्ती क्षेत्र में हलचल बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *