Bureau Report/News 18 Plus Rajiv Tripathi /Siswa Kothibar
विद्यालयी व्यवस्था को करीब से समझा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर रखे अपने सुझाव।
महराजगंज। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से एस.एस. इंटरमीडिएट कॉलेज करमही की छात्रा आस्था चौधरी को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, महराजगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान छात्रा ने जिला विद्यालय निरीक्षक अधिकारी की भूमिका में विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
एक दिन की जिला विद्यालय निरीक्षक की भूमिका में आस्था चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था से संबंधित कार्यों, विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण, छात्र-छात्राओं की समस्याओं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिम्मेदारी को गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ समझने का प्रयास किया।
आस्था चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को स्वतंत्र रूप से विकसित कर सकें। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत बनाने, छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने तथा विद्यालयों में अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व और निर्णय लेने का आत्मविश्वास पैदा करना है। छात्रा को एक दिन के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपे जाने से विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार की पहल छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे छात्राओं को भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रेरणा मिलती है और उनमें जिम्मेदारी निभाने की भावना मजबूत होती है।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से छात्राओं को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।