*एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं छात्रा मुक्ति तिवारी, थाने की कमान संभालकर समझी पुलिसिंग की बारीकियां!*

Bureau Report/News 18 Plus/ Nichlaul 

 

मिशन शक्ति 6.0 के तहत बेटियों में नेतृत्व और आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल, थानाध्यक्ष योगेन्द्र राय ने दी शुभकामनाएं।

 

निचलौल/महराजगंज। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से निचलौल पुलिस की ओर से सराहनीय पहल की गई। ग्राम बरहड़ा चरगहां निवासी छात्रा मुक्ति तिवारी को एक दिन के लिए निचलौल थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्रा ने थाना परिसर में पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और नेतृत्व की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त किया।

 

मुक्ति तिवारी, प्रकाश चंद्र प्रकाश राम तिवारी की पुत्री तथा सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया में बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा हैं। एक दिन की थानाध्यक्ष की भूमिका में उन्होंने पुलिस के कार्यों, जिम्मेदारियों और जनसुनवाई से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्राप्त किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के प्रति समझ विकसित करना रहा।

 

इस अवसर पर निचलौल थानाध्यक्ष योगेन्द्र राय ने छात्रा मुक्ति तिवारी का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों को जिम्मेदारियों और नेतृत्व के अवसर देने से उनके भीतर आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता और मजबूत होती है।

 

वहीं, सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने भी मुक्ति तिवारी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और इस पहल की सराहना की।

 

मिशन शक्ति 6.0 के तहत पुलिस की यह पहल बेटियों को केवल जागरूक करने तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी का प्रत्यक्ष अनुभव देकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *