निचलौल में लक्ष्मी प्रतिमा जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर बड़ी कार्रवाई, संचालकों और आयोजकों पर मुकदमा दर्ज!

Bureau Report/ News 18 Plus/ Nichlaul

 

पुलिस की चेतावनी के बावजूद नहीं कम की गई डीजे की आवाज, राहगीरों, दुकानदारों और एंबुलेंस में मरीजों को हुई परेशानी; ध्वनि प्रदूषण एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई।

 

जनपद महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्रतिमा जुलूस के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी कर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने डीजे संचालकों एवं आयोजकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

क्या है पूरा मामला?

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 नवंबर 2026 को पुलिस बल क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान निचलौल मेन तिराहे के पास लक्ष्मी प्रतिमा जुलूस के भ्रमण के दौरान डीजे संचालकों द्वारा अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।

 

आरोप है कि तेज ध्वनि के कारण राहगीरों, दुकानदारों और एंबुलेंस में सवार मरीजों एवं उनके तीमारदारों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। तेज आवाज से लोगों को सांस लेने में परेशानी और धड़कन तेज होने जैसी दिक्कतें भी हुईं।

 

बताया गया कि पुलिस द्वारा पूर्व में उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों की जानकारी दी गई थी और डीजे की आवाज कम करने की हिदायत भी दी गई थी। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी जारी रहने पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

 

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

 

निचलौल थाने में मु0अ0सं0 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 292, 293 एवं 223(बी), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15(1) तथा ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों की धारा 6(1) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

 

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

नियमों की अनदेखी पर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान भी ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *