*सिसवा सीएचसी मोड़ पर पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत; दो गंभीर घायल!*

Bureau Report News 18 Plus Siswa Kothibar

 

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, घायलों को सीएचसी सिसवा में कराया गया भर्ती; पिकअप चालक मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी।

 

 

जनपद महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार स्थित सीएचसी मोड़ पर बुधवार को पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर को करीब 11:30 बजे सिसवा बाजार सीएचसी मोड़ के पास पिकअप संख्या UP56BT1930 और मोटरसाइकिल संख्या UP56M4406 के बीच टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया।

 

सीएचसी में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान हिमांशु सिंह (20 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी सेखुई, थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बाइक पर सवार प्रदीप (20 वर्ष), पुत्र राजेश चौहान और सागर (20 वर्ष), पुत्र रमेश, निवासी सबया उत्तर टोला, थाना कोठीभार, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *