Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन, 10 हजार से 40 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन; हाईस्कूल से बीटेक तक के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग।
महराजगंज। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधानसभा पनियरा क्षेत्र के बसहिया परतावल स्थित भगवंत पटेल पानमती देवी पीजी कॉलेज परिसर में 18 नवंबर 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, महराजगंज एवं कॉलेज प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
रोजगार मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से 2000 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद एवं योग्यता के अनुसार 10 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं बीटेक सहित तकनीकी और गैर तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। खास बात यह है कि पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है।
रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सुबह 10 बजे कॉलेज परिसर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की गई है।