*छठ पर्व को लेकर डीएम ने दुर्गा मंदिर घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj

 

स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश; महिला व्रतियों की सुरक्षा पर विशेष जोर, संवेदनशील घाटों पर होगी बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती।

 

महराजगंज। छठ पर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने फरेंदा स्थित दुर्गा मंदिर के छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने के साथ प्रवेश और निकासी की अलग-अलग समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि भीड़ का दबाव न बढ़े और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

 

जिलाधिकारी ने एसडीएम फरेंदा को सभी छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिला व्रतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने घाटों की गहराई और जलस्तर का आकलन कर संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी समय रहते तैयारियां पूरी कर लें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत आनंदनगर अनुज भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *