Bureau Report /News 18 Plus /Siswa Kothibar
बच्चों की रचनात्मकता और हुनर ने मोहा अतिथियों का मन, व्यंजनों से लेकर विज्ञान मॉडलों तक के लगाए आकर्षक स्टाल; पूर्व मंत्री ने की नन्हे प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना।
सिसवा बाजार (महराजगंज)। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को पकड़ी चौबे स्थित चौबे वर्ल्ड स्कूल में भव्य बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह ने फीता काटकर विधिवत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग, उत्साह और रचनात्मक प्रतिभा से सराबोर नजर आया।
उद्घाटन के बाद पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह ने मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया। उन्होंने बच्चों के हुनर, मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक ज्ञान का विकास होता है। साथ ही उन्हें अपनी छिपी हुई प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है।
बाल मेले में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों, हस्तशिल्प और विज्ञान के आकर्षक मॉडलों के स्टाल सजाए। बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए रचनात्मक मॉडल और आकर्षक प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। मेले में पहुंचे अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों के स्टालों से खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की खूब सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर चौबे वर्ल्ड स्कूल के अध्यक्ष राजेंद्र चौबे, प्रबंधक प्रशांत चौबे, निशांत बिजनेस कंसलटेंट के बिजनेस कंसलटेंट निशांत चौबे, समरजीत शाही, वीरेंद्र राय, आलोक सिंह, अवधेश चौबे तथा ग्राम प्रधान पकड़ी चौबे के प्रतिनिधि मोहम्मद रफीक अंसारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शिक्षक जागृति पांडेय, शिवांगी, जया, अनूप, प्रतिभा, पूजा, अभिषेक, सपना, नीलम, सुप्रभा, आरुषि, अनामिका और अर्चना सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण मौजूद रहे।
बाल मेले ने न केवल बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें व्यवहारिक अनुभव, आत्मनिर्भरता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश दिया।