Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा; छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट।
छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में शनिवार को जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, आवागमन के रास्तों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही घाटों पर संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की स्थिति भी परखी गई।
क्षेत्राधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि छठ घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। आयोजकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
घाटों पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
महराजगंज पुलिस द्वारा छठ पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।