*सीमा पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 585 किलो कद्दू बीज के साथ एक युवक गिरफ्तार!*

Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul

 

नेपाल से अवैध रूप से भारत लाया जा रहा था तृतीय देश का कद्दू बीज; 15 बोरियां और बजाज मोटरसाइकिल जब्त, सीमा चौकी शीतलापुर के पास हुई कार्रवाई।

 

 

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सीमा चौकी शीतलापुर के कार्यक्षेत्र में संयुक्त गश्ती दल ने तृतीय देश का 585 किलोग्राम कद्दू बीज बरामद करते हुए एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:50 बजे 22वीं वाहिनी एसएसबी के अंतर्गत एफ समवाय झूलनीपुर को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नेपाल से अवैध सामान लेकर सीमा चौकी शीतलापुर के रास्ते भारत में प्रवेश करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीमा चौकी शीतलापुर के प्रभारी ने पुलिस चौकी रेंगहिया के साथ समन्वय स्थापित कर एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती टीम गठित की।

 

सीमा चौकी प्रभारी की निगरानी में टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 502 के पास, अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर बोरे लादकर भारत की ओर आते एक व्यक्ति को देखा गया। सुरक्षा बलों को देखकर मोटरसाइकिल सवार वाहन और सामान छोड़कर भागने लगा, लेकिन संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया।

 

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर लदे तीन बोरे तथा आसपास के क्षेत्र से 12 अतिरिक्त बोरे बरामद किए गए। जांच में कुल 15 बोरियों में 585 किलोग्राम तृतीय देश का कद्दू बीज पाया गया। बरामदगी में 14 बोरे 40-40 किलोग्राम तथा एक बोरा 25 किलोग्राम का शामिल है।

 

गिरफ्तार युवक की पहचान मुनीब कुशवाहा (22 वर्ष), पुत्र पारस कुशवाहा, निवासी ग्राम मटरा धमौर, कुट्टीटोला, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। तस्करी में प्रयुक्त बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल संख्या UP 56 B 4236 को भी जब्त कर लिया गया है।

 

एसएसबी और पुलिस द्वारा बरामद सामान एवं गिरफ्तार युवक के विरुद्ध नियमानुसार जब्ती और सुपुर्दगी की कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और संयुक्त गश्त जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *