*सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj

 

हेलमेट-सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक, युवाओं से जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील।

महराजगंज। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार ने विकास भवन परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के माध्यम से सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

 

इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

 

मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता के साथ यातायात नियमों का व्यवहार में पालन करना बेहद जरूरी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार अपनाने की अपील की।

 

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप देना और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित यातायात के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *