जनगणना-2027: महराजगंज में स्व-गणना अभियान शुरू, 30 नवंबर तक मिलेगा मौका!

विधायक जयमंगल कन्नौजिया सहित जनप्रतिनिधियों ने पूरी की स्व-गणना की प्रक्रिया, पहले दिन शाम चार बजे तक 379 लोगों ने कराया पंजीकरण।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद महराजगंज में स्व-गणना अभियान सोमवार, 16 नवंबर से शुरू हो गया। यह अभियान आगामी 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत नागरिक निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकते हैं।

 

अभियान के शुभारंभ के क्रम में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके अलावा सिसवा नगर पालिका की अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्व-गणना कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

 

इस अवसर पर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक सरकार को सही और बेहतर नीतियों के निर्माण में सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रगणकों का सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रक्रिया बेहद आसान और सरल है।

 

स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद की सभी तहसीलों एवं नगर निकायों में संबंधित चार्ज अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा व्यापक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाकर अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

शहरी क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण वाहनों पर बैनर और पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक परिवार तक अभियान का संदेश पहुंच सके। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सचिवालयों, पंचायत भवनों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से लोगों को स्व-गणना कराने में आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

 

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर को शाम 4 बजे तक जनपद में कुल 379 व्यक्तियों ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा यानी 30 नवंबर तक अपनी स्व-गणना अवश्य पूरी करें और जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकाधिक लोगों की सहभागिता से जनगणना की प्रक्रिया को सरल, सुगम और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *