*साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली राहत, महराजगंज पुलिस ने वापस कराए ₹13,140!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

साइबर सेल और चौक पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित के बैंक खाते में वापस पहुंची ठगी की रकम, पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध से सतर्क रहने की दी सलाह।

जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर सेल एवं थाना चौक पुलिस की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित की ₹13,140 की धनराशि उसके बैंक खाते में वापस कराई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 4 अगस्त 2026 को थाना चौक क्षेत्र के ओबरी निवासी ब्रह्मानन्द यादव पुत्र रामनाथ यादव साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत संख्या 33108260194112 थी।

 

इसके बाद पुलिस टीम ने एमआरएम पोर्टल (रिक्वेस्ट आईडी MR261031558405) के माध्यम से संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस के प्रयासों से ठगी गई पूरी धनराशि ₹13,140 पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया।

 

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

 

धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजभान यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह तथा कांस्टेबल विशाल प्रजापति शामिल रहे। तीनों थाना चौक जनपद महराजगंज में तैनात हैं।

 

महराजगंज पुलिस ने की अपील

 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई धनराशि वापस कराने का प्रयास किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *