News 18 Plus/ Bureau/Maharajganj
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचें किसान, बिचौलियों से बचें: जिलाधिकारी।
महराजगंज। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने बुधवार को तहसील सदर के राजस्व ग्राम कृतपिपरा में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं हंसिया थामकर धान की कटाई की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपज की तौल कराकर उत्पादकता का आकलन किया।
क्रॉप कटिंग ग्राम निवासी जगदीश के खेत में गाटा संख्या-62 पर निर्धारित 43.33 वर्गमीटर क्षेत्रफल के समबाहु त्रिभुज (10×10×10 मीटर) में कराई गई। कटाई के बाद उपज की तौल करने पर कुल 21.025 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर औसत उत्पादकता 48.55 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं तथा फसल बीमा सहित किसानों को मिलने वाले विभिन्न लाभों के निर्धारण में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रॉप कटिंग की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि इस बार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ए ग्रेड के लिए 2461 रुपये और सामान्य धान के लिए 2441 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। इसलिए किसान अपनी उपज बिचौलियों के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचें, ताकि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि किसानों की सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में किसान टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 और 7839565009 पर सूचना दे सकते हैं।
उन्होंने किसानों से फसल अवशेष एवं पराली खेतों में नहीं जलाने की विशेष अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है तथा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है। किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करना चाहिए और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग कार्य की नियमित निगरानी करने तथा किसानों को सरकारी योजनाओं एवं फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर शिवम कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।