*किसान दिवस पर डीएम की दो टूक: पराली जलाने पर होगी कार्रवाई, 56 किसानों पर 2.80 लाख रुपये का जुर्माना!*

News 18 Plus/ Bureau/Maharajganj

 

सैटेलाइट से पकड़ी गईं पराली जलाने की 228 घटनाएं, निचलौल में बिना सुपर एसएमएस चल रही कंबाइन मशीन सीज; 25 टन पराली गौशालाओं को उपलब्ध कराई गई।

 

 

 

विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में किसान दिवस के अवसर पर किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पराली प्रबंधन, धान खरीद और उर्वरक की उपलब्धता समेत किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में पराली अथवा फसल अवशेष न जलाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं।

 

डीएम ने किसानों को फसल अवशेषों को खेतों में मिलाने, कम्पोस्ट तैयार करने अथवा गौशालाओं को उपलब्ध कराने जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस, राजस्व और कृषि विभाग की टीमें गांवों में लगातार भ्रमण कर किसानों को जागरूक कर रही हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

 

सैटेलाइट से चिह्नित हुईं 228 घटनाएं

 

मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय और मृदा संबंधी नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में सैटेलाइट के माध्यम से फसल अवशेष जलाने की घटनाओं की निगरानी की जा रही है। 17 नवंबर 2026 तक जिले में पराली जलाने की कुल 228 घटनाएं चिह्नित की गई हैं। इनकी रोकथाम के लिए संबंधित विभागों द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

 

56 किसानों पर लगा 2.80 लाख रुपये जुर्माना

 

उप कृषि निदेशक ने बताया कि पराली जलाने के मामलों में अब तक 56 किसानों पर कुल 2 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। तहसील निचलौल में बिना सुपर एसएमएस के संचालित एक कंबाइन हार्वेस्टर मशीन को भी सीज किया गया है। संबंधित किसानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि फसल अवशेषों के वैकल्पिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अब तक 25 टन पराली गौशालाओं को उपलब्ध कराई गई है। वहीं, अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर पांच कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

 

धान खरीद में समस्या होने पर इन नंबरों पर करें शिकायत

 

जिलाधिकारी ने किसानों से उर्वरक की बिक्री और धान खरीद की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जनपद में धान खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा मिलों को क्रय केंद्रों से संबद्ध करने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। किसान अपने नजदीकी क्रय केंद्र पर धान बेच सकते हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को नियमानुसार तौल और खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

धान खरीद में किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान इन नंबरों पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

– जिलाधिकारी: 9454417546

– अपर जिलाधिकारी (वि./रा.): 9454417617

– जिला खाद्य विपणन अधिकारी: 7839565008

 

गोष्ठी में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, जिला कृषि अधिकारी एस.पी. सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी संजय कुमार रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में किसान और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *