Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
सैनिक बन्धु की बैठक में भूमि विवाद, अतिक्रमण और अन्य समस्याओं की हुई सुनवाई, डीएम बोले—पूर्व सैनिक कभी भी सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं अपनी समस्या।
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की भूमि विवाद, सहायक उपकरण, साफ-सफाई एवं अवैध अतिक्रमण सहित कुल आठ समस्याओं को प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि देश और समाज के प्रति सैनिकों का योगदान अमूल्य है। पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सैनिक बन्धु की बैठक का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। वे कभी भी सीधे जिलाधिकारी अथवा प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रख सकते हैं। प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर (सेवानिवृत्त) बृज मोहन ने जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान में प्रशासन का लगातार सहयोग मिल रहा है। सभी भूतपूर्व सैनिकों की ओर से उन्होंने जिलाधिकारी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके निर्देशानुसार सभी प्रकरणों पर प्रभावी कार्रवाई होगी।
इससे पूर्व जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। बैठक में भूतपूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।